द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
कन्नौज जिले से आज एक अजीब घटना सामने आयी है। इस घटना के बाद मालूम होता है कि गरीब का सच में कोई भी अपना नहीं होता। मामले में एक युवक को लाख कोशिशों के बाद भी प्रधानमंत्री आवास नहीं मिल रहा है। इसी बात से नाराज होकर युवक ने जान देने की कोशिश की है। युवक ने डीएम दफ्तर के सामने ही फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की है। युवक को फंदे से लटका देख अफरा तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पीआरडी जवानों ने युवक को समझा बुझाकर नीचे उतारा। तब जाकर युवक ने बताया कि वह आवास के लिए दो माह से दफ्तरों से चक्कर काट रहा है। एडीएम ने मामले की जांच कराकर पात्र होने पर आवास दिलाए जाने की बात कही है।

दो माह से दफ़तरों के लगा रहा था चक्कर
घटना इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के डबाह गांव की है। युवक का नाम शिवम कुमार है। वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पालता है। युवक का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रता सूची में आया था लेकिन सेक्रेटरी अवनीश ने पक्का मकान दिखाकर उसका नाम सूची से कटवा दिया। तब से युवक आवास के लिए दो माह से अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसको आवास नहीं मिल सका। आखिरी में वहआज डीएम दफ्तर पहुंचा। वहां भी जब कोई आस नहीं दिखी तो वह जान देने के लिए डीएम दफ्तर के सामने पेड़ पर चढ़ गया। पीआरडी जवानों ने युवक को समझा बुझाकर नीचे उतारा। युवक का आरोप है कि सेक्रेटरी दो बार उसका नाम पात्रता सूची से काट चुका है। जबकि उसका मकान कच्चा बना हुआ है और कभी भी गिर सकता है। एडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच के शुरू हुई है। अगर युवक वाकई हक़दार है आवास का तो उसे जरूर मिलेगा।